जीवन में एक सितारा था
माना यह बेहद प्यारा था
यह डूब गया तो डूब गया
अंबर के आनन को देखो
कितने इसके तारे टूटे
कितने इसके प्यारे छूटे
जो छूट गये फिर कहाँ मिले
पर बोलो टूटे तारों पर
कब अंबर शोक मनाता है
जो बीत गयी सो बात गयी ।
जीवन में वह था एक कुसुम
थे उस पर नित्य निछावर तुम
वह सूख गया तो सूख गया
मधुबन की छाती को देखो
सूखीं कितनी इसकी कलियां
मुरझायीं कितनी बल्लरियां
जो मुरझायीं फिर कहां खिलीं
पर बोलो सूखे फूलों पर
कब मधुबन शोर मचाता है
जो बीत गयी सो बात गयी ।
जीवन में मधु का प्याला था
तुमने तन मन दे डाला था
वह टूट गया तो टूट गया
मदिरालय का आंगन देखो
कितने प्याले हिल जाते हैं
गिर मिट्टी में मिल जाते हैं
जो गिरते हैं कब उठते हैं
पर बोलो टूटे प्यालों पर
कब मदिरालय पछताता है
जो बीत गयी सो बात गयी ।
मृदु मिट्टी के हैं बने हुये
मधु घट फूटा ही करते हैं
लघु जीवन लेकर आये हैं
प्याले टूटा ही करते हैं
फिर भी मदिरालय के अंदर
मधु के घट हैं मधु प्याले हैं
जो मादकता के मारे हैं
वें मधु लूटा ही करते हैं
वह कच्चा पीने वाला है
जिसकी ममता घट प्यालों पर
जो सच्चे मधु से जला हुआ
कब रोता है कब चिल्लाता है
जो बीत गयी सो बात गयी ।
-हरिवंशराय बच्चन
आपके सपनो का स्वागत है.
ReplyDeleteआरंभ
हिंदी ब्लाग लेखन के लिए स्वागत और बधाई
ReplyDeleteकृपया अन्य ब्लॉगों को भी पढें और अपनी बहुमूल्य टिप्पणियां देनें का कष्ट करें
वाह,बहुत सुन्दर।
ReplyDeleteस्वागत है | दुसरे ब्लॉग भी पढें व बहुमूल्य टिप्पणी दे
ReplyDeleteस्वागत है | दुसरे ब्लॉग भी पढें व बहुमूल्य टिप्पणी दे
ReplyDeleteThank you all for your response and comments
ReplyDeleteits my favorite one.
ReplyDelete