Pages

Sunday, October 2, 2011

गाँधी

देश में जिधर भी जाता हूँ,
उधर ही एक आह्वान सुनता हूँ
"जडता को तोडने के लिए
भूकम्प लाओ।
घुप्प अँधेरे में फिर
अपनी मशाल जलाओ।
पूरे पहाड हथेली पर उठाकर
पवनकुमार के समान तरजो।
कोई तूफान उठाने को
कवि, गरजो, गरजो, गरजो !"

सोचता हूँ, मैं कब गरजा था?
जिसे लोग मेरा गर्जन समझते हैं,
वह असल में गाँधी का था,
उस गाँधी का था, जिस ने हमें जन्म दिया था।

तब भी हम ने गाँधी के
तूफान को ही देखा,
गाँधी को नहीं।

वे तूफान और गर्जन के
पीछे बसते थे।
सच तो यह है
कि अपनी लीला में
तूफान और गर्जन को
शामिल होते देख
वे हँसते थे।

तूफान मोटी नहीं,
महीन आवाज से उठता है।
वह आवाज
जो मोम के दीप के समान
एकान्त में जलती है,
और बाज नहीं,
कबूतर के चाल से चलती है।

गाँधी तूफान के पिता
और बाजों के भी बाज थे।
क्योंकि वे नीरवताकी आवाज थे।

-रामधारी सिंह "दिनकर"

5 comments:

  1. बढ़िया प्रस्तुति ||
    बधाई |

    ReplyDelete
  2. नीरवता अन्दर तक काटती है।

    ReplyDelete
  3. बहुत सुन्दर सीख देती हुई रचना ..

    ReplyDelete
  4. राष्ट्रकवि की राष्ट्रपिता का नाम का भावपूर्ण स्मरण. गाँधी जयंती पर इसकी प्रस्तुति के लिए बहुत बहुत आभार.

    ReplyDelete