Thursday, May 14, 2026

 अनछुआ शिकवा

जो इश्क़ करते हैं दिल से सच्चा वो दर्द सह कर भी मुस्कुराएँ, 

तुम्हारी चाहत का रंग बताता, तुम्हारा वादा टूटा हुआ है।

 

लपेटा उँगलियों पे तुमने जो वो दुपट्टा कुछ शरमाकर, 

तुम्हारी बेवफ़ाई का हर इक शिकवा अब छूटा हुआ है।

 

सजाया तुमने वफ़ा का रिश्ता मेरी ही कामयाबियों से, 

मैं हारा तो तुम जुदा हुईं—दिल फिर भी तुम पर लुटा हुआ है।

 

अदाओं की नर्मी में ठहराव होता है असल शजर का, 

तुम्हारे लहजे से साफ़ ये लगता सलीक़ा छूटा हुआ है।

 

ज़रा सी धूप क्या पाई कि तुम सर फ़ख़्र से ऊँचा उठाकर, 

ग़ुरूर इतना भी मत पालो—अभी तजुर्बा छूटा हुआ है।

 

भले ही दुनिया बदल गई हो, मगर ‘विवेक’ अपनी धुन में, 

वफ़ा का दामन थामे हुए—ये दिल अभी भी जुड़ा हुआ है।

Tuesday, May 12, 2026

 

मंज़िल-निगाह

शजर हूँ सहन में, बेलों को यूँ छुपाये हूँ, 

वफ़ा की नींव पर संगमरमर उठाये हूँ।

 

धूप के ज़ेवरों से घर सदा जगमगाऊँ मैं, 

तपिश-ए-दहर से आँगन को बचाये हूँ।

 

किरन की ओट में रखकर मैं साया बुन रहा हूँ, 

नज़र से धूप की हर चाल को उलझाये हूँ।

 

हवाओं से भी रखता हूँ मैं रब्त एहतियात के, 

महकती याद को दिल में बसाये हूँ।

 

सुकूत-ए-शब में भी इक शोर सा पलता है भीतर, 

अना की आँच को मैं खुद ही बुझाये हूँ।

 

तूफ़ाँ को बाँध रक्खा है हदों की कैद में मैंने, 

साहिल पे आरज़ुओं के चराग़ जलाये हूँ।

 

मैं ख़ुद ही अपनी राह का मंज़िल-निगाह सदा, 

हर एक मोड़ पे दिल के निशाँ लगाये हूँ।

 

निगाह ने दर्द सींचा तो मआनी खिल गये हैं, 

हर एक ज़ख़्म से अफ़कार को उगाये हूँ।

 

ज़मीं से आसमाँ तक एक रेशा-ए-उम्मीद हूँ, 

गिरे जो ख़्वाब, तो पलकों पे फिर उठाये हूँ।

 

वजूद इक लम्हा-ए-आगाही के सिवा क्या है, 

गिरह जो खुल गई अपनी, तो ख़ुद को पाये हूँ।

 

गुमाँ था मैं जुदा हूँ, ये धोका था फ़क़त दिल का, 

उसी को ढूँढने निकला, उसी को पाये हूँ।